Friday, March 14

क्या आप भी ऑफिस में करते हैं घंटों बैठकर काम, हो जाए सावधान, गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे

नौकरी पेशा और बैठकर काम करने वालों के लिए ये ध्यान देने वाली खबर है। अक्सर बैठकर काम करने वाले लोगों को कई तरह की शारीरिक समस्याएं हो जाती है। लेकिन कई बार वो इन समस्याओं पर जागरुक नहीं होते है। जिसका परिणाम ये होता है कि उन्हें आगे चलकर काफी दिक्कत होती है।

शुरुआती दौर में जब बैठकर काम करने वाले क‍िसी व्यक्ति को किसी भी प्रकार की शारीरिक समस्या होती है, तो वो इस मामले को नजरअंदाज कर देता है। अगर वो उसी समय ध्यान दें तो उसकी स्थिति गंभीर नहीं बनेगी।

उधर, बैठकर काम करने वाले लोगों को कैसे समस्याओं का सामना करना पड़ता है? और वो कैसे इससे किस तरह से बच सकते हैं? इस बारे में सीके बिरला अस्पताल के डॉ. अंकुश गर्ग से खास बातचीत की।

डॉ. गर्ग का कहना है कि आज की तारीख में बड़ी संख्या में लोग बैठकर काम करते हैं। वो घंटों कुर्सी पर बैठते हैं। ऐसा करने से उनके पीठ में दर्द शुरू हो जाता है। ऐसा आमतौर पर उनके बैठने की तरीके से होता है। ऐसी स्थिति में सबसे पहले अगर आप बैठकर काम करते हैं तो आपको बैठने के तरीके बदलने होंगे। यह कोशिश कीजिए कि आप झुक कर ना बैठें।

ऐसे में सवाल उठता है कैसे हम बैठें? आखिर बैठने की सही अवस्था क्या है? सबसे पहले आपको कोशिश करनी चाहिए कि आप सहज अवस्था में बैठें। आपके पीठ को सही सपोर्ट मिले। अगर उसे सही सपोर्ट नहीं मिलेगा, तो दर्द हो सकता है।

डॉ. गर्ग बताते हैं कि बैठकर काम करने वालों को 30 से 45 मिनट में ब्रेक जरूर लेना चाहिए। ब्रेक लेना नहीं भूलना चाहिए। इससे आपको ना महज शारीरिक, बल्कि मानसिक शांति भी मिलेगी। डेस्क जॉब करने वाले को रोजाना एक्सरसाइज करनी चाहिए। एक्सरसाइज करने से आपके शरीर में दर्द नहीं रहेगा।