
दिल्ली की नई सीएम के रूप में आज रेखा गुप्ता शपथ ली। एलजी वीके सक्सेना ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। शालीमार बाग से पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री बनी।
रेखा गुप्ता के बाद प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, रविंद्र इंद्राज और पंकज कुमार सिंह ने नयी मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही दिल्ली में 27 साल बाद BJP की सत्ता में वापसी हो गई। बीते दिनों दिल्ली विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक निर्वाचित हुई हैं।
रेखा गुप्ता मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में BJP की चौथी मुख्यमंत्री बनी हैं। इसके साथ ही वह, वर्तमान में बीजेपी शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री भी बन गई हैं।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान PM मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सहित बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। इनके अलावा चंद्रबाबू नायडू, देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे, अजीत पवार और पवन कल्याण सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी इस समारोह में मौजूद रहे।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 70 में से 48 सीट पर कब्जा कर जीत हासिल की और आम आदमी पार्टी (आप) के एक दशक लंबे शासन का अंत किया था। दिल्ली विधानसभा के लिए पांच फरवरी को चुनाव हुए थे और मतगणना आठ फरवरी को हुई थी।